IPL में CSK का ओपनिंग प्लान परफेक्ट नहीं, जानें वजह
आईपीएल 2026 में शुक्रवार को पंजाब ने चेपॉक में चेन्नई को पांच विकेट से हरा दिया। यह इस सीजन चेन्नई की लगातार दूसरी हार रही, जबकि घरेलू मैदान पर यह सीएसके की लगातार छठी हार रही। पिछले सीजन से चला आ रहा सिलसिला अभी तक जारी है। इस सीजन के लिए टीम ने संजू सैमसन को भी अपनी टीम से जोड़ा, लेकिन वह पिछले दो मैचों में विफल रहे हैं।
राजस्थान के खिलाफ संजू छह रन और पंजाब के खिलाफ सात रन बनाकर आउट हुए। उनकी और ऋतुराज गायकवाड़ की ओपनिंग जोड़ी से टीम को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अभी तक दोनों उम्मीद पर खरे नहीं उतरे हैं। सबसे बड़ी बात तो यह है कि सीएसके ने संजू के आने के बाद ओपनिंग जोड़ी भी बदली। पिछले सीजन म्हात्रे ने बतौर ओपनर अच्छी पारियां भी खेली थीं। इसके बावजूद इससे छेड़छाड़ किया गया।
नंबर-3 पर संजू का प्रदर्शन ज्यादा बेहतर
दरअसल, संजू ने टीम इंडिया के लिए पिछले कुछ वर्षों में ओपनिंग करते हुए बेहतरीन पारियां खेली हैं, लेकिन आईपीएल में ओपनिंग करते हुए उनका रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। बावजूद इसके उनसे ओपनिंग करवाया जा रहा है। वहीं, आयुष तीसरे नंबर पर उतर रहे हैं। यहीं सीएसके से भारी गलती हो रही है। संजू ने बतौर ओपनर आईपीएल में 33 पारियां खेली हैं और 24.87 की औसत और 136.3 के स्ट्राइक रेट से 796 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 74 रन का रहा है। इस दौरान उन्होंने पांच अर्धशतक भी लगाए।
वहीं, नंबर तीन पर संजू ने 94 पारियां खेली हैं और 38.22 की औसत और 143.33 के स्ट्राइक रेट से 3096 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 119 रन का रहा है। इस दौरान उन्होंने तीन शतक और 20 अर्धशतक भी जड़े हैं। ऐसे में सीएसके के टीम मैनेजमेंट को इस पर विचार करना चाहिए। आगे चलकर टीम मैनेजमेंट इस पर फैसला ले भी सकता है। आईपीएल 2025 से लेकर अब तक सीएसके कई ओपनिंग जोड़ियां बदल चुकी है। पिछले सीजन रचिन रवींद्र के साथ डेवोन कॉनवे, डेवोन कॉनवे के साथ आयुष म्हात्रे और शेख रशीद के साथ आयुष म्हात्रे ओपनिंग कर चुके थे। अब इस सीजन भी ओपनिंग में समस्या जारी है।
आईपीएल में संजू सैमसन का प्रदर्शन
आंकड़े बतौर ओपनर नंबर 3 पर
पारियां 33 94
रन 796 3096
हाई स्कोर 74 119
औसत 24.87 38.22
स्ट्राइक रेट 136.3 143.33
50s/100s 5/0 20/3
ऋतुराज का अच्छे से साथ दे सकते हैं म्हात्रे
आयुष का प्लेइंग स्टाइल एग्रेसिव है और वह पहले नंबर पर आएं तो ऋतुराज को भीमैदान पर पैर जमाने का समय मिल सकता है। दोनों एक दूसरे को अच्छे से कॉम्प्लीमेंट कर सकते हैं। ऋतुराज का फॉर्म भी चिंता का विषय है। पिछले सीजन वह पांच मैचों में 122 रन बना सके थे। इसके बाद चोटिल होकर पूरे सीजन से बाहर हो गए थे। वहीं, इस सीजन दो पारियों में 34 रन बना सके हैं।
अगर संजू को तीसरे नंबर पर भेजकर म्हात्रे से ओपनिंग कराई जाए तो हो सकता है संजू कमाल दिखा पाएं। हालांकि, टीम मैनेजमेंट संजू को बतौर ओपनर ही बैक कर रहा है। सीएसके को अभी तक सही प्लेइंग-11 में नहीं मिल सका है। वह अभी भी इसकी तलाश में हैं, क्योंकि दो मैचों में दो बार प्लेइंग-11 बदली गई है। अब यह देखने वाली बात होगी कि आगे के मैचों में क्या यह बदलाव देखने को मिल सकता है।
ब्रेविस और धोनी आएंगे तो फिर प्लेइंग-11 बदलेगी
ओपनिंग ही चेन्नई का सबसे मजबूत पक्ष रहा है। टीम जब-जब चैंपियन बनी है, उसे तब-तब उसे सीजन अच्छी ओपनिंग मिली है। पिछले तीन सीजन में इसकी कमी दिखी है। यही वजह है कि पांच बार की चैंपियन ने स्ट्रगल किया है। वहीं, डेवाल्ड ब्रेविस के वापस आते ही फिर से प्लेइंग-11 बदलेगा। महेंद्र सिंह धोनी भी खेलेंगे तो फिर प्लेइंग-11 में बदलाव हो सकता है।
ऐसे में सही प्लेइंग-11 की तलाश कब तक जारी रहेगी, यह देखने वाली बात होगी। सीएसके की टीम ने आईपीएल के एक सीजन में शुरुआती दो मैच सिर्फ दो बार गंवाए हैं। इस सीजन से पहले ऐसा आईपीएल 2022 में हुआ था। तब रवींद्र जडेजा की कप्तानी में टीम अपने शुरुआती चार मैच हारी थी। इसके बाद धोनी की कप्तानी में अगले सीजन टीम चैंपियन बनी थी। चेन्नई का अगला मैच पांच अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से चिन्नास्वामी स्टेडियम में है।


रायपुर के काजी पर लगे आरोप, बोर्ड ने किया सख्त ऐक्शन
सिंधिया ने समझाया- पारिवारिक रिश्ता राजनीति से ऊपर, आवास से जुड़े वचन
Katni में नकली बीड़ी और प्रतिबंधित सिगरेट का भंडाफोड़
चुनावी मंच से ममता का हमला: कहा—शांति चाहिए तो BJP को रोकना होगा