सारंगपुर। थाना सारंगपुर पुलिस द्वारा विद्युत मोटर (जलधारा) चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए अंतर जिला स्तर पर सक्रिय शातिर चोर को गिरफ्तार कर 2 लाख 37 हजार रुपये की चोरी गई सामग्री बरामद की गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक आकांक्षा हाड़ा से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 20.02.2025 को फरियादी दिनेश राजपूत निवासी सुदर्शन नगर, सारंगपुर द्वारा थाना सारंगपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अकोदिया रोड स्थित दुकान नं. 08, जहां वह इलेक्ट्रिक सामान की मरम्मत एवं बिक्री का कार्य करता है। वहां दिनांक 19/02/2025 की रात्रि अज्ञात आरोपी द्वारा ताला तोड़कर दुकान में रखे ग्राहक के 05 समरसिबल मोटर, एग्जॉस्ट फैन, सीलिंग फैन, कॉपर वायर बंडल, बैटरी एवं अन्य सामग्री चोरी कर ली गई। जिसकी अनुमानित कीमत 50,000/- से 55,000/- के बीच है। वही प्रकरण में थाना सारंगपुर पर अपराध क्रमांक 102/25 धारा 331(4), 305(अ) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना सारंगपुर पुलिस द्वारा संदिग्ध आरोपी शाकिर उर्फ शाकिर बाबा पिता सलीम खां, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम अलीसर, थाना सलसलाई जिला शाजापुर को दिनांक 30.06.2025 को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। जिसकी निशान देही पर 02 समरसिबल मोटर कीमत 12,000 रूपये, 02 कॉपर वायर बंडल 2,000 रूपये, 01 बैटरी कीमत 1,000 रूपये कुल मशरूका कीमत 15,000 रुपये की सामग्री बरामद की गई। इसके उपरांत दिनांक 24.07.2025 को दूसरे आरोपी इस्लाम खां पिता आशिक खां, उम्र 30 वर्ष, निवासी काछीखेड़ी, थाना सारंगपुर को गिरफ्तार कर उससे घटना में प्रयुक्त मारुति अल्टो कार कीमत 2,00,000 रूपये, 03 समरसिबल मोटर कीमत 17,000 रूपये, 01 एग्जॉस्ट फैन कीमत 1,000 रूपये, 02 सीलिंग फैन कीमत 2,000 रूपये कुल मशरूका कीमत 2,37,000 रूपये बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है। प्रकरण में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में एएसआई आनंदी लाल भिलाला, प्रधान आरक्षक सूरज चावरिया, शिव सिंह दांगी, आरक्षक अक्षय, धर्मेन्द्र की सराहनीय भूमिका रही।